top
सहारनपुर में बकाया गन्ना भुगतान पर DM सख्त:गांगनौली मिल को 98 करोड़ चुकाने के निर्देश, नए पेराई सत्र से पहले किसानों को मिलेगी राहत
सहारनपुर में डीएम अरविंद कुमार चौहान ने बुधवार शाम 6 बजे चीनी मिलों के यूनिट हेड और अधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक अगले पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिलों का संचालन समय से कराने और किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर हुई। डीएम ने बकाया भुगतान में लापरवाही पर गांगनौली और गागलहेड़ी चीनी मिल के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने बजाज ग्रुप की गांगनौली चीनी मिल के यूनिट हेड को निर्देश दिए कि पेराई सत्र 2025-26 का करीब 98 करोड़ रुपए बकाया गन्ना मूल्य नए पेराई सत्र की शुरुआत से पहले किसानों को हर हाल में दिया जाए। उन्होंने साफ किया कि किसानों के भुगतान में किसी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं होगी। इसी तरह दया शुगर मिल गागलहेड़ी के यूनिट हेड को मिल पर बकाया 2.54 करोड़ रुपए का तुरंत भुगतान करने के निर्देश दिए गए। किसानों की ओर से मिल की मरम्मत और समय से संचालन को लेकर मिल रही शिकायतों पर भी डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मरम्मत और रखरखाव का काम तय समय में पूरा करने और नए सत्र में मिल का संचालन समय से सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अगले पेराई सत्र 2026-27 के लिए जिले की सभी चीनी मिलों की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों के मुताबिक, देवबंद चीनी मिल में 57 प्रतिशत, गांगनौली में 73 प्रतिशत, शेरमऊ में 52 प्रतिशत, गागलहेड़ी में 51 प्रतिशत, बिडवी में 50 प्रतिशत, नानौता में 59 प्रतिशत और सरसावा चीनी मिल में 56 प्रतिशत मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। डीएम ने सभी मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि बचे हुए मरम्मत कार्य को तय समय सीमा में पूरा करें, ताकि किसानों को गन्ना सप्लाई के दौरान कोई परेशानी न हो। उन्होंने समय से मिल संचालन को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार मौर्य सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
Read full article on Bhaskar