crime
सीधी के चुरहट में दो बाइक टकराईं:रामगढ़ का युवक घायल, रीवा रेफर, दूसरे की पहचान नहीं हो पाई
सीधी जिले के चुरहट थाना इलाके में गुरुवार शाम करीब 4 बजे कोलदह पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों चालकों के सिर, हाथ और पैरों में गहरी चोटें आई हैं। दुर्घटना में एक टीवीएस अपाचे और एक बुलेट बाइक शामिल थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घायलों में से एक की पहचान रामगढ़ निवासी सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि दूसरे घायल युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुल की ढलान बनी हादसों की वजह स्थानीय लोगों का कहना है कि कोलदह पुल के पास सड़क पर काफी ढलान है, जिसकी वजह से गाड़ियां अकसर तेज रफ्तार में निकलती हैं और हादसों का खतरा बना रहता है। चश्मदीदों के मुताबिक, ढलान पर स्पीड कंट्रोल न कर पाना ही इस बड़े हादसे का कारण बना। पुलिस कर रही मामले की जांच चुरहट थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी ने बताया कि दोनों घायलों को रीवा में भर्ती कराया गया है और दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सुरक्षित जगह पर रखवा दिया गया है। पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस खतरनाक जगह पर रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar