crime
सतना जिला अस्पताल के कंपाउंडर से 40 हजार की ठगी:कार में बैठाया, जेब से निकाले, फिर उतारकर भगाया; CCTV में दिखी कार
सतना जिला अस्पताल के कंपाउंडर ने दो युवकों पर जबरन कार में बैठाने और बैंक से निकाले 40 हजार रुपए गायब करने की शिकायत की है। घटना मंगलवार दोपहर की है। दिलीप के मुताबिक, दोनों युवक खुद को अस्पताल की एक सिस्टर का परिचित बता रहे थे। चाय पीने चलने की बात कह रहे थे। पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए संदिग्ध कार और युवकों की पहचान कर रही है। दिलीप ने पुलिस को बताया कि बैंक से 40 हजार रुपए निकालने के बाद दोनों युवक उनके पास आए। उन्होंने खुद को अस्पताल की एक सिस्टर का परिचित बताया और चाय पीने चलने की बात कही। दिलीप ने उनके साथ जाने से मना किया तो उनके मुताबिक, दोनों युवकों ने उन्हें जबरन कार में बैठा लिया। कुछ दूर कृष्ण नगर मोड़ के पास उन्हें कार से उतारकर दोनों युवक वहां से चले गए। कार से उतरने के बाद दिलीप ने जेब देखी तो बैंक से निकाले गए 40 हजार रुपए नहीं मिले। इसके बाद वे कोलगवां थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। CCTV में शहर में घूमती दिखी संदिग्ध कार शिकायत मिलने के बाद कोलगवां पुलिस ने स्मार्ट सिटी के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार शहर के कई हिस्सों से गुजरती दिखाई दी। जांच में कार पर लगा नंबर फर्जी पाया गया। पुलिस के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर पर क्रेटा कार का इंदौर का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा था। सर्किट हाउस से हाईवे तक कार की फुटेज मिली CCTV फुटेज के अनुसार, संदिग्ध कार सर्किट हाउस चौक से सिविल लाइन चौक पहुंची। इसके बाद कोठी रोड, बगहा बाईपास होते हुए हाईवे की तरफ जाती दिखाई दी। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर कार और उसमें सवार दोनों युवकों की पहचान करने में जुटी है। संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
Read full article on Bhaskar