top
सीतामढ़ी में तिरंगा अभियान से लौट रहे 10 बच्चे घायल:दो अलग-अलग जगह टेम्पू-ट्रैक्टर की टक्कर; 5 बच्चे सीतामढ़ी रेफर
सीतामढ़ी के भारत-नेपाल सीमा पर रविवार को 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत आयोजित मानव श्रृंखला से लौट रहे बच्चों के साथ दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। इन दुर्घटनाओं में कुल 10 बच्चे घायल हुए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी परिहार पहुंचाया गया। पहला हादसा परिहार थाना क्षेत्र के बराही गांव के पास हुआ। मानव श्रृंखला से लौट रहे कुछ बच्चे सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार टेम्पू ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में कई बच्चे घायल हो गए। दूसरा हादसा सिसौटिया में हुआ, जहां बच्चों को ले जा रहे एक टेम्पू को सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दोनों हादसों के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पांच को मामूली चोटें आईं थीं सीएचसी परिहार में शिवानी कुमारी (12), छोटी कुमारी (13), सुमन कुमारी (8), नेहा कुमारी (10) और सृष्टि कुमारी (8) का इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रौशनी कुमारी (12), अनीश कुमार (10), तुलसी कुमारी (16), शैल कुमारी (8) और नेहा कुमारी (8) को बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर किया गया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल कुमार सिंह ने बताया कि 10 बच्चे घायल हुए थे। इनमें से पांच को मामूली चोटें आईं थीं, जिन्हें परिहार में इलाज के बाद घर भेज दिया गया। शेष पांच बच्चों को सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के बाद वे भी अपने घर लौट गए हैं। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है।
Read full article on Bhaskar