crime
Sambhal में Shahi Jama Masjid के पास बिना नक्शे वाले 36 भवनों को नोटिस जारी
शाही जामा मस्जिद के आसपास बिना नक्शा पास कराए बनाए गए 36 मकानों और दुकानों को संभल महायोजना 2031 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) विकास चंद्र ने पत्रकारों को बताया कि संभल महायोजना 2031 के क्रियान्वयन के सिलसिले में जिलाधिकारी के निर्देश पर एक सप्ताह पहले विवादित स्थल के पीछे के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को जूनियर इंजीनियर से दोबारा निरीक्षण कराया गया और इस दौरान 36 ऐसे मकानों व दुकानों के बारे में पता चला जिनका नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था। चंद्र ने बताया कि विनियमित क्षेत्र के तहत आने वाली इन संपत्तियों के मालिकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। एसडीएम ने कहा, “सभी को सुनवाई का अवसर दिया जाएगा। जो अपना पक्ष सही तरीके से रख पाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। जिनके पास नक्शा नहीं होगा, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि फिलहाल पहले चरण में यह कार्रवाई चौधरी सराय से टंडन चौराहे तक की जा रही है, और आने वाले समय में अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। चंद्र ने बताया निरीक्षण में यह भी पता चला है कि लोगों ने सड़क की जगह घेर ली है और दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा है।
Read full article on Prabhasakshi