top
सुल्तानपुर में तेज रफ्तार कार ने बीफार्मा छात्रा को रौंदा:कलेक्ट्रेट के सामने हुई घटना, परिजनों ने आरोपी पर छेड़छाड़ का लगाया आरोप
सुल्तानपुर नगर में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे कलेक्ट्रेट के सामने एक तेज रफ्तार लाल कार ने एक बीफार्मा छात्रा को कुचल दिया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार की साइड एक बाइक सवार को लग गई थी, जिसके बाद बाइक सवारों और कार चालक के बीच बहस हो गई। इसी दौरान कार चालक ने वहां मौजूद छात्रा पर कार चढ़ा दी। छात्रा को कुचलने के बाद चालक कार को बैक करते हुए कलेक्ट्रेट से पंत स्टेडियम की तरफ तेजी से भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को हटाया और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। घायल छात्रा जिले के एक कॉलेज में बीफार्मा थर्ड ईयर की छात्रा है। वह शाम को कॉलेज से लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप कुमार पाठक ने बताया कि बस स्टॉप से एक महिला कार का पीछा करते हुए आ रही थी और 'पकड़ो-पकड़ो' चिल्ला रही थी। यहां आकर लड़की कार के सामने खड़ी हो गई, जिसके बाद चालक ने कार बैक करके उसे कुचल दिया। पाठक ने यह भी बताया कि उस समय वहां पुलिस मौजूद नहीं थी। छात्रा के चचेरे भाई ने बताया कि आरोपी लड़का अजीत सिंह पिछले दो-तीन महीने से छात्रा को परेशान कर रहा था। उन्होंने पहले इसकी शिकायत नहीं की थी। अजीत सिंह कोतवाली नगर के नारायणपुर का रहने वाला है और कॉलेज में देखने के बाद से ही छात्रा के पीछे पड़ा था। फिलहाल, घायल छात्रा का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस टीम आरोपी अजीत सिंह और उसकी गाड़ी को पकड़ने की कोशिश कर रही है। इस घटना के बाद नगर कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।
Read full article on Bhaskar