crime
स्कूल की जमीन पर बने पक्के निर्माण पर चला बुलडोजर:सीतापुर में 4 करोड़ की सरकारी जमीन कब्जामुक्त कराई, बेदखली आदेश पर हुई कार्रवाई
सीतापुर के लहरपुर तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ तहसील प्रशासन ने रविवार दोपहर करीब 4 बजे बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार न्यायालय में चल रहे बेदखली वाद में पारित आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम ने ग्राम अंगरासी में जूनियर हाईस्कूल के नाम दर्ज भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पक्के निर्माण को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम अंगरासी में राजस्व अभिलेखों में जूनियर हाईस्कूल के नाम दर्ज गाटा संख्या 866, क्षेत्रफल 0.405 हेक्टेयर के अंश भाग पर गांव के ही मोहम्मद इसरार पुत्र बादुल्ला, हाशिम पुत्र रौनक अली, रौनक अली पुत्र जामिन अली और कलाम पुत्र फखरुद्दीन द्वारा कथित रूप से अनाधिकृत कब्जा कर पक्का निर्माण कराया गया था। सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत और राजस्व अभिलेखों में स्थिति के आधार पर मामला तहसीलदार न्यायालय में बेदखली वाद के रूप में चलाया गया। न्यायालय से बेदखली आदेश पारित होने के बाद रविवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को बुलडोजर की सहायता से हटवाया और जमीन को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद स्थिति का निरीक्षण भी किया। तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जूनियर हाईस्कूल के नाम दर्ज भूमि की कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी गई है। न्यायालय के बेदखली आदेश के अनुपालन में अवैध निर्माण हटाकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar