politics
सहारनपुर में मसूद परिवार में सियासी घमासान:हमजा आए फेसबुक लाइव, बोले; बहन के साथ ज्यादती अब बर्दाश्त नहीं, मारपीट के घर से निकाला, हमारे पास रिकॉर्डिंग
सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के परिवार में चल रहा सियासी और पारिवारिक विवाद अब खुलकर सामने आता दिखाई दे रहा है। शनिवार को इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव आकर रिश्तेदारों शादान मसूद और शायान मसूद पर गंभीर आरोप लगाए। लंबे लाइव वीडियो में हमजा कई बार भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि परिवार पिछले करीब पांच साल से कई बातों को चुपचाप सहन कर रहा था, लेकिन अब उनकी बहन के साथ ज्यादती और परिवार को परेशान किए जाने के बाद चुप रहना संभव नहीं है। हमजा ने कहा कि उनके पिता पिछले सात दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। परिवार ऑपरेशन थिएटर के बाहर परेशान है, लेकिन इसी बीच उनके रिश्तेदार राजनीतिक बयानबाजी कर परिवार को और परेशान करने में लगे हैं। ‘बहन के साथ जो किया, उसकी एक-एक रिकॉर्डिंग हमारे पास’ हमजा नोमान ने आरोप लगाया कि उनकी बहन के साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि परिवार ने उनकी बहन की इज्जत और अपने पिता के सम्मान के कारण लंबे समय तक चुप्पी साधे रखी। हमजा ने लाइव में कहा कि उनकी बहन के साथ जो कुछ हुआ, उससे जुड़ी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद हैं। उनका दावा है कि घर के अंदर की बातचीत और कुछ बैठकों की रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विवाद इसी तरह बढ़ता रहा तो वे इन रिकॉर्डिंग और वीडियो को सार्वजनिक कर सकते हैं। ‘राजनीति और टिकट के लिए मेरी बहन की जिंदगी बर्बाद की’ हमजा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को पारिवारिक विवाद के साथ-साथ राजनीतिक कारणों से भी परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि जिस तरह कई मामलों में महिलाओं को दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं, उसी तरह उनकी बहन को भी राजनीति और टिकट के विवाद के कारण परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि पांच साल उनकी बहन की जिंदगी खराब हुई, लेकिन परिवार ने रिश्तेदारी और सम्मान के कारण बहुत कुछ सहन किया। हमजा ने कहा कि उनकी बहन और उसका करीब एक साल का बच्चा अब उनके परिवार की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि बच्चे के लिए आज तक डायपर तक का पैसा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वे अपनी बहन और उसके बच्चे को सम्मान के साथ खुद पालेंगे और उन्हें किसी के पैसे या सहारे की जरूरत नहीं है। ‘बेटियां और बहनें किसी एक परिवार की नहीं’ हमजा ने कहा कि उनकी बहन अकेली नहीं है और भाई होने के नाते वह उसके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां और बहनें सिर्फ किसी एक परिवार की जिम्मेदारी नहीं होतीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी होती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि महिला से जुड़े इस कथित विवाद को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। ‘दुश्मन फोन करके हाल पूछ रहा, अपने ही पिता के खिलाफ हो गए’ हमजा ने कहा कि उनके पिता की तबीयत खराब होने पर राजनीतिक विरोधी खेमे के लोगों तक ने फोन करके हालचाल पूछा, लेकिन उनके अपने रिश्तेदार ही उनके पिता के खिलाफ राजनीतिक गतिविधियों में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी परिवार और फजुर रहमान साहब समेत कई लोगों ने उनके पिता की तबीयत को लेकर फोन किया। हमजा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब राजनीतिक विरोधी भी बीमारी के समय हाल पूछ सकते हैं तो अपने रिश्तेदार इस समय परिवार के खिलाफ क्यों खड़े हैं। ‘इमरान मसूद और मुझे रास्ते से हटाने की बातें हुईं’ फेसबुक लाइव में हमजा ने दावा किया कि उनके पास ऐसी बातचीत और रिकॉर्डिंग मौजूद हैं, जिनमें कथित तौर पर इमरान मसूद और उन्हें राजनीतिक रूप से रास्ते से हटाने जैसी बातें की गईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी बहन को लेकर भी आपत्तिजनक और धमकी से जुड़ी बातें रिकॉर्ड हुई हैं। हमजा ने भी कहा कि वह अब तक रिकॉर्डिंग सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे, लेकिन लगातार हो रही बयानबाजी के कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखनी पड़ी। शायान ने इमरान की विचारधारा पर उठाए थे सवाल मसूद परिवार के विवाद के बीच इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद का हालिया राजनीतिक कदम भी चर्चा में है। शायान कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो चुके हैं। सपा में शामिल होने के बाद उन्होंने इमरान मसूद की राजनीतिक लाइन पर खुलकर सवाल उठाए। शायान ने कहा कि वह इमरान मसूद की विचारधारा से सहमत नहीं हैं। उनका कहना था कि यदि भाजपा को हराना है तो भाजपा के खिलाफ बोलना होगा, लेकिन इमरान मसूद अखिलेश यादव के खिलाफ बोल रहे हैं। शायान के मुताबिक, अखिलेश के खिलाफ बोलने का मतलब भाजपा को फायदा पहुंचाना है। इसी वजह से उन्होंने इमरान का साथ छोड़कर अखिलेश यादव का हाथ थामा है। सपा में शामिल होने के बाद शायान ने कहा कि पार्टी की पीडीए की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत कर बेहतर चुनावी परिणाम दिलाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने अखिलेश यादव को दूरदर्शी और प्रगतिशील नेता बताते हुए 2012 से 2017 की सपा सरकार के कामों की भी तारीफ की। शादान मसूद भी सपा के कार्यक्रम में दिखे शायान के सपा में शामिल होने के दौरान शादान मसूद भी उनके साथ नजर आए। रिपोर्टों के मुताबिक, लखनऊ में सदस्यता ग्रहण करने के बाद दोनों ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। ऐसे में एक तरफ हमजा नोमान द्वारा परिवार के भीतर कथित ज्यादती और साजिश के आरोप लगाए जाना और दूसरी तरफ शायान का इमरान मसूद से राजनीतिक दूरी बनाकर सपा में जाना, मसूद परिवार के भीतर बढ़ती तल्खी को लेकर चर्चाओं को और तेज कर रहा है। ‘अखिलेश और डिंपल से भी सवाल’ हमजा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव का नाम लेते हुए भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की बात करने वाली पार्टी में उनकी बहन के साथ मारपीट और गाली-गलौज के आरोपों के बावजूद संबंधित व्यक्ति को पार्टी में शामिल किया गया। हमजा ने कहा कि इमरान मसूद की राजनीति को लेकर किसी की भी अलग राय हो सकती है, लेकिन किसी की बेटी और परिवार के साथ कथित ज्यादती को राजनीतिक मतभेद से अलग रखकर देखा जाना चाहिए। राजनीतिक विरासत का भी जिक्र लाइव के दौरान हमजा ने मसूद परिवार की राजनीतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि इमरान मसूद, पूर्व सांसद राशिद मसूद के बेटे हैं और परिवार इस राजनीतिक विरासत का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि वह राशिद मसूद के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, क्योंकि वह बड़े नेता रहे हैं। हमजा ने कहा कि परिवार की राजनीतिक विरासत दादा से पिता और ताया तक पहुंची है और अब परिवार उसे आगे बढ़ा रहा है। ‘इंसाफ अल्लाह करेगा, फैसला जनता के हाथ में’ लाइव के अंत में हमजा नोमान कई बार भावुक हुए। उन्होंने कहा कि एक तरफ उनके पिता अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, दूसरी तरफ उनकी बहन और भांजा परेशान हैं। इसके बावजूद वह सब्र का दामन थामे हुए हैं। इंसाफ अल्लाह करेगा और उसकी लाठी में आवाज नहीं होती है। हमजा ने सहारनपुर की जनता से कहा कि अब फैसला जनता के हाथ में है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन अकेली नहीं है और भाई होने के नाते वह उसके सम्मान और अस्मत की रक्षा के लिए हमेशा खड़े रहेंगे। सियासी मतभेद से पारिवारिक विवाद तक पहुंचा मामला मसूद परिवार में हालिया घटनाक्रम को देखें तो विवाद अब केवल राजनीतिक मतभेद तक सीमित नजर नहीं आ रहा। एक ओर शायान मसूद ने कांग्रेस छोड़कर सपा का दामन थामा और इमरान मसूद की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाए हैं, वहीं हमजा नोमान ने फेसबुक लाइव के जरिए परिवार के भीतर कथित विवाद, बहन के साथ ज्यादती और राजनीतिक साजिश के गंभीर आरोप सार्वजनिक किए हैं। शायान के सपा में जाने और हमजा के इस लाइव के बाद सहारनपुर की राजनीति में मसूद परिवार की अंदरूनी खींचतान चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। शायान के हालिया सार्वजनिक बयानों में इमरान मसूद की विचारधारा से असहमति सामने आई है, जबकि हमजा ने पारिवारिक आरोपों को राजनीतिक विवाद से अलग देखने की अपील की है।
Read full article on Bhaskar