crime
सहारनपुर में कोचिंग से लौट रही नाबालिग का अपहरण:परिवार ने SSP से दोबारा बयान दर्ज कराने और गिरफ्तारी की मांग की
सहारनपुर में नाबालिग लड़की के अपहरण और उसके साथ गलत हरकत किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता के परिवार ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस लाइन पहुंचकर SSP से मुलाकात की। उन्होंने बेटी का बयान दोबारा दर्ज कराने की मांग की है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके। परिवार ने SSP को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि 5 अगस्त को उनकी नाबालिग बेटी ट्यूशन से घर लौट रही थी। आरोप है कि गांव के ही अनस, असद और नईम उसे अपने साथ ले गए। कार से देहरादून ले जाने का आरोप पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे कार में बैठाया और देहरादून ले गए। वहां उसके साथ गलत हरकत की। सूचना मिलने के बाद पुलिस की मदद से बच्ची को बरामद कर लिया गया था। हालांकि, उनका आरोप है कि आरोपियों और उनके परिवार के लोगों ने उन्हें धमकाया। परिवार बोला- बयान और मेडिकल के दौरान दबाव बनाया गया पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि बच्ची के बयान और मेडिकल जांच के दौरान उस पर दबाव बनाया गया। इसी वजह से घटना से जुड़ी सही बातें सामने नहीं आ सकीं। पिता का कहना है कि अब बेटी डर से बाहर आ रही है। उसने अपनी चाची को पूरी घटना बताई है। इसके बाद परिवार ने SSP से उसका बयान दोबारा दर्ज कराने की मांग की है। पीड़िता ने कहा- कुछ सुंघाकर बेहोश किया पीड़िता ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि ट्यूशन से लौटते समय उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसे कार से देहरादून ले जाया गया। वहां आरोपियों ने उसके साथ गलत हरकत की। पीड़िता ने कहा कि वह मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए अपना बयान दोबारा दर्ज कराना चाहती है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों और सामने आए तथ्यों की जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar