politics
सागर में धारणाधिकार योजना में लापरवाही पर पटवारी निलंबित:कलेक्टर के शिविर में सामने आई शिकायत, मकरोनिया में बनेगी 40 करोड़ की सड़कें
सागर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पालिका मकरोनिया के बजरिया हाट बाजार में खंडस्तरीय शिविर लगाया गया। शिविर में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम गंभीरिया के परिवारों ने आवेदन के बाद भी धारणाधिकार योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की थी। कलेक्टर के निर्देश पर जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद पटवारी राशिद खान, हल्का नंबर 16/76, तहसील सागर नगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। धारणाधिकार योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत गंभीरिया के परिवारों ने कलेक्टर को बताया कि उन्होंने धारणाधिकार योजना के तहत लाभ लेने के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर पटवारी राशिद खान को निलंबित कर दिया गया। मकरोनिया में 40 करोड़ की सड़कें होंगी शिविर में नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मकरोनिया नगर पालिका में विकास कार्य किए जा रहे हैं। यहां निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के दबाव को देखते हुए अधिकारी लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते रहें, ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि जरूरत वाले क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। एएलपी योजना के अनुसार भूमि के पट्टे से जुड़ी समस्याओं का निरीक्षण किया जाएगा। मकरोनिया नगर पालिका में 40 करोड़ रुपए की सड़कें स्वीकृत हैं, जिनका निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके अलावा मकरोनिया-बंडा रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण भी शुरू किया जाएगा। ऑपरेशन थियेटर 15 दिन में शुरू करने के निर्देश कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गर्भवती माताओं, बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में जांच की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। इस दौरान मकरोनिया अस्पताल का निरीक्षण भी किया गया। कलेक्टर ने निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी ली और ऑपरेशन थियेटर को 15 दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। स्टाफ नर्स और गायनोकोलॉजिस्ट को नोटिस अस्पताल के एएनसी विंग में लापरवाही मिलने पर स्टाफ नर्स और गायनोकोलॉजिस्ट को नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं बरतने और गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Read full article on Bhaskar