politics
संभल के नए एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने लिया चार्ज:श्रावण माह की सुरक्षा समीक्षा की, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई का निर्देश
संभल में शनिवार को नए एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने श्रावण माह, आगामी सोमवार और आने वाले त्योहारों को लेकर जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और टीमों के साथ संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि श्रावण माह चल रहा है और आगामी एक-दो दिन में सोमवार है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनके सुचारू आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जल लेकर विभिन्न मंदिरों तक जाने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के मार्गों पर पुलिस की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। रक्षाबंधन और बारावफात की भी तैयारी एसपी ने बताया कि श्रावण माह के बाद रक्षाबंधन और बारावफात समेत कई महत्वपूर्ण त्योहार आने वाले हैं। इन आयोजनों को देखते हुए पुलिस टीमों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा कर सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हों। अपराध और सामाजिक स्थिति का करेंगे अध्ययन विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कार्यभार संभालने के साथ ही वह जिले की पुलिस टीमों से संवाद कर रहे हैं। जनपद की आपराधिक स्थिति के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का भी अध्ययन किया जाएगा। शासन, सरकार और पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं एवं दिशानिर्देशों के अनुरूप पुलिस की कार्यप्रणाली तय की जाएगी। अराजक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई एसपी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। असामाजिक और अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे। बाराबंकी में एसपी सिटी रह चुके हैं अपनी पूर्व तैनाती के बारे में एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इससे पहले वह बाराबंकी में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे। इसके अलावा वाराणसी और लखनऊ में भी एसपी सिटी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
Read full article on Bhaskar