crime
रीवा में जलभराव वाले रास्ते में गिरा बिजली का तार:करंट लगने से युवक की मौत; परिजनों ने बिजली विभाग को ठहराया जिम्मेदार
रीवा की हुजूर तहसील के ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर में गड्डी रोड पर शुक्रवार को जलभराव के बीच बिजली का तार गिरने से करंट की चपेट में आए युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राज कुमार पटेल पिता गंगा प्रसाद पटेल के रूप में हुई है। युवक जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान पानी में गिरे बिजली के तार से करंट फैल गया और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पानी से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजन ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप मृतक के परिजन सुरेश पटेल ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बिजली का तार सही तरीके से नहीं लगाया गया था। तार को ऊपर रखने के लिए स्थानीय लोगों ने लग्गी फंसा रखी थी। इसके बावजूद बिजली विभाग ने लाइन को ठीक नहीं कराया। शुक्रवार को तार टूटकर जलभराव वाले रास्ते में गिर गया। इसी दौरान राज कुमार पटेल पानी से होकर गुजर रहा था और करंट की चपेट में आ गया। परिजनों का कहना है कि बिजली लाइन समय रहते ठीक कर दी जाती और जलभराव वाले रास्ते से तार हटाया जाता तो हादसा टल सकता था। उन्होंने बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। एएसपी बोले- लापरवाही की जांच की जाएगी एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि लक्ष्मणपुर में बिजली के तार की चपेट में आने से युवक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली विभाग की ओर से कोई लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar