crime
रीवा में 42 लीटर अवैध शराब बरामद:मकान मालिक बोला- ठेकेदार को किराए पर दिया था घर
रीवा में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चोरहटा पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई की। पुलिस ने सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के दाढ़ी गांव में एक मकान से करीब 42 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस के अनुसार, चोरहटा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दाढ़ी गांव में कई दिनों से एक मकान से अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद नौबस्ता चौकी की 112 टीम और चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दबिश दी। पुलिस ने मृगेंद्र सिंह के घर की तलाशी ली। इस दौरान अलग-अलग प्रकार की देशी और अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मकान मालिक बोला- ठेकेदार को किराए पर दिया था घर कार्रवाई के बाद मृगेंद्र सिंह ने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि जिस घर से शराब जब्त हुई है, वह उनका है, लेकिन उन्होंने इसे शराब ठेकेदार महाकाल ग्रुप को किराए पर दे रखा है। मृगेंद्र सिंह के मुताबिक, महाकाल ग्रुप ने घर किराए पर लेने के बाद वहां से शराब की बिक्री कराई। उनका कहना है कि घर का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शराब कहां से आई, पुलिस कर रही जांच करीब 42 लीटर शराब जब्त होने के बाद पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही महाकाल ग्रुप से इस मामले का क्या संबंध है और मकान किराए पर लेने के बाद वहां शराब की बिक्री किसकी देखरेख में हो रही थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने जब्त शराब को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar