politics
राष्ट्रीय पदाधिकारियों के स्वागत में विधानसभा दिखाएंगी दम:मंच से शक्ति प्रदर्शन; युवा मोर्चा के दावेदार भी दिल्ली तक नाम पहुंचाने के लिए करेंगे कयास
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र पटेल और राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार का 25 अगस्त को इंदौर दौरा होगा। दोनों नेताओं के आगमन को पार्टी ने केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा है। एयरपोर्ट से खटवां समाज गार्डन तक शहर की सभी छह विधानसभाओं के कार्यकर्ता अलग-अलग स्थानों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इसके जरिए संगठन की सक्रियता और विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की ताकत भी नजर आएगी। संगठन में किसकी कितनी पकड़, इसका भी बनेगा संकेत राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने के बाद गजेंद्र पटेल और कविता पाटीदार का यह इंदौर में पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम है। ऐसे में पार्टी के भीतर इसे संगठनात्मक ताकत दिखाने के अवसर के तौर पर भी देखा जा रहा है। किस विधानसभा से कितनी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचते हैं, स्थानीय पदाधिकारी कितनी सक्रियता दिखाते हैं और आयोजन की तैयारियां कैसी रहती हैं, इससे विधानसभा स्तर पर संगठन की पकड़ का अंदाजा भी लगेगा। युवा मोर्चा अध्यक्ष के दावेदारों की भी परीक्षा शहर भाजपा में युवा मोर्चा अध्यक्ष पद का फैसला अभी होना है। ऐसे में कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मयूरेश पिंगले, निक्की राय, अमित पालीवाल और धीरज ठाकुर समेत कई नाम दावेदारी में चर्चा में हैं। राष्ट्रीय नेताओं के सामने कौन कितने युवाओं को जुटा पाता है और संगठनात्मक जिम्मेदारी कितनी प्रभावी ढंग से संभालता है, यह उनकी दावेदारी के लिए अहम हो सकता है। ग्रामीण युवा मोर्चा में भी अध्यक्ष पद को लेकर इसी तरह की स्थिति बनी हुई है। बाजारों में ट्रैफिक न बिगड़े, इसलिए सीमित रहेगा कार्यक्रम भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि त्योहारी सीजन के कारण राजबाड़ा और आसपास के बाजारों में पहले से भीड़ रहती है। इसे देखते हुए कार्यक्रम को छोटा, व्यवस्थित और प्रभावी रखने की योजना है। कोशिश रहेगी कि यातायात प्रभावित न हो और आम लोगों को परेशानी न आए। कार्यक्रम को लेकर बैठक हो चुकी है और प्रस्तावित रूट का निरीक्षण भी किया गया है।
Read full article on Bhaskar