top
राशन कार्ड से नाम हटाने और कागजात मांगने पर प्रदर्शन:सैकड़ों महिला-पुरुषों ने चांदन प्रखंड मुख्यालय पर विरोध मार्च निकाला, बीडीओ को सौंपा मांग पत्र।
राशन कार्ड से लाभार्थियों के नाम हटाए जाने और जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्र बनाने के लिए जमीन के कागजात मांगे जाने के विरोध में शुक्रवार को चांदन में प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों महिला-पुरुषों ने चांदन नदी से बस स्टैंड होते हुए प्रखंड मुख्यालय तक विरोध मार्च निकाला। यह प्रदर्शन ग्राम स्तरीय दलित संगठन और अन्य सामाजिक संगठनों के नेतृत्व में हुआ। प्रदर्शनकारियों ने राशन कार्ड से बिना किसी सूचना या कारण बताए नाम हटाए जाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जरूरतमंदों को राशन से दूर रखना सही नहीं है। उन्होंने मांग की कि जिन लाभार्थियों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें फिर से राशन सुविधा दी जाए। इसके साथ ही, प्रदर्शनकारियों ने जाति और आवासीय प्रमाणपत्र के लिए जमीन के कागजात की अनिवार्यता खत्म कर कोई दूसरा तरीका निकालने की मांग की। एक प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिलाधिकारी के सामने अपनी मांग रखेंगे। इस पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व महेंद्र कुमार रौशन ने किया।
Read full article on Bhaskar