crime
रणथंभौर रिसोर्ट में होटलकर्मी की संदिग्ध मौत:किचन में काम करता था; 3 घंटे तक चला हंगामा, फिर बॉडी ली
सवाई माधोपुर में रणथंभौर नेशनल रिसोर्ट होटल में एक होटल कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक होटल के किचन में काम करता था। उसकी पहचान धमून गांव निवासी गोलू सैनी के रूप में हुई। होटल प्रबंधन ने आनन-फानन में शव अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमॉर्टम करवाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोश फैल गया। परिजन शव को एंबुलेंस में लेकर होटल के गेट पर पहुंच गए। उन्होंने वहां प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। साढ़े 6 लाख मुआवजे पर बनी सहमति प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गोलू के परिवार को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने की भी मांग रखी थी। मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण हंगामा और नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया। परिजन बोले- गोलू अविवाहित था और होटल में एक सप्ताह पहले किचन में काम कर रहा था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। होटल के बाहर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या पुलिस जाब्ता तैनात हो गया। इसके बाद बातचीत का दौर शुरू हुआ। होटल प्रबंधन और परिजनों के बीच साढ़े छह लाख रुपए मुआवजे पर सहमति बनी। इसके बाद परिजन शव ले गए।
Read full article on Bhaskar