politics
राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र:27% OBC आरक्षण लागू कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग
इंदौर में 19 सितंबर को हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों की ओर से उठाए गए 27% OBC आरक्षण और 13% पदों पर रुकी नियुक्तियों के मुद्दे को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। 22 सितंबर को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से 27% OBC आरक्षण लागू करने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है। कार्यक्रम में छात्रों ने बताया था कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद 13% पदों पर नियुक्तियां लंबे समय से रुकी हुई हैं। राहुल गांधी ने पत्र में लिखा कि इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के कई छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए। इनमें OBC आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। ‘2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी’ पत्र में राहुल गांधी ने लिखा कि छात्रों के मुताबिक, वे परीक्षा पास करने के साथ चयन प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। इसके बावजूद 87:13 व्यवस्था के तहत OBC आरक्षण से जुड़े 13% पदों को होल्ड पर रखा गया है। पत्र के मुताबिक, इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि लंबे समय से नियुक्तियां रुकी होने के कारण युवा अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। ‘सभी दलों ने 27% आरक्षण का समर्थन किया था’ राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि 27% OBC आरक्षण को सभी दलों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया था, लेकिन इसके बावजूद इस मुद्दे का समाधान अब तक नहीं हुआ है। उन्होंने लिखा कि नियुक्ति और आरक्षण के क्रियान्वयन की मांग को लेकर अभ्यर्थियों को बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से कहा कि छात्रों की बात सुनी जाए, 27% OBC आरक्षण लागू किया जाए और सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। इंदौर में भी छात्रों ने उठाया था मुद्दा 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में एक छात्रा ने सरकारी परीक्षा पास करने के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था। रिपोर्टों के मुताबिक, छात्रों ने बताया था कि भर्ती प्रक्रिया में 13% नियुक्तियां कानूनी विवाद के चलते रोकी गई हैं। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि शिक्षा और युवाओं जैसे विषयों पर तथ्यों और आंकड़ों के साथ संवाद होना चाहिए। सोशल मीडिया पर राहुल गांधी ने भी लिखा: “चार साल से अधिक समय से इंतज़ार कर रहे इन युवाओं का कीमती वक्त अब और ज़ाया नहीं होना चाहिए।” उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सुनने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की।
Read full article on Bhaskar