crime
पुलिया कटने से पीआरडी जवान बाइक सहित पानी में गिरा:पेड़ की डाली पकड़कर खुद को बचाया, बाइक पानी में बही
फर्रुखाबाद में शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश से कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सिरौली जाने वाले मार्ग पर पुलिया बह जाने से सड़क करीब 10 फीट तक कट गई। शनिवार देर शाम ड्यूटी से लौट रहा पीआरडी जवान पानी में डूबी सड़क से निकलते समय कटी पुलिया का अंदाजा नहीं लगा सका और बाइक समेत पानी में गिर गया। तेज बहाव में बाइक बह गई, जबकि जवान ने पेड़ की डाली पकड़कर अपनी जान बचाई। रविवार शाम तीन युवकों ने करीब 10 फीट गहरे पानी में उतरकर बाइक खोज निकाली। बाइक समेत पानी में गिरा जवान शनिवार शाम करीब 6:30 बजे पीआरडी जवान ड्यूटी से लौट रहा था। सिरौली मार्ग पर बारिश का पानी भरा होने के कारण सड़क और कटी हुई पुलिया का अंदाजा नहीं लग सका। जैसे ही वह बाइक लेकर आगे बढ़ा, बाइक समेत पानी में गिर गया और तेज बहाव में बहने लगा। जवान ने पास में मौजूद पेड़ की डाली पकड़ ली और खुद को संभाल लिया। इससे उसकी जान बच गई, लेकिन बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई। रविवार सुबह से तलाश, शाम को मिली बाइक बाइक को खोजने के लिए रविवार सुबह से प्रयास किया जा रहा था, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शाम करीब 4:30 बजे गांव के तीन युवक पानी में उतरे। तीनों को तैरना आता था। उन्होंने पानी के अंदर तलाश शुरू की तो करीब 10 फीट गहराई में बाइक मिल गई। युवकों ने बाइक को रस्सी से बांधा और पानी से बाहर निकाला। हादसे में पीआरडी जवान को कोई चोट नहीं आई। एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित सिरौली मार्ग की पुलिया बह जाने और सड़क कटने से एक दर्जन से अधिक गांवों का रास्ता प्रभावित हो गया है। रविवार को भी सड़क पर पानी भरा रहा। मार्ग बाधित होने के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिया और सड़क क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर हादसे का खतरा बना हुआ है। मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की जरूरत है।
Read full article on Bhaskar