crime
पटना में गेसिंग के अड्डे पर छापेमारी:लॉटरी, कूपन, मोबाइल सहित दूसरे सामान बरामद, हिरासत में 12 लोग
कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गेसिंग के अड्डे पर कार्रवाई की है। पटना जंक्शन से सटे न्यू मार्केट इलाके में पार्किंग के पास गेसिंग का खेल चलने की सूचना पर पटना एसएसपी की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 12 लोगों को पकड़ा है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू मार्केट में पार्किंग के पास गेसिंग का अड्डा संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद एसआईयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। नकदी, लॉटरी कूपन सहित कई चीजें मिलीं पुलिस ने नकदी, लॉटरी कूपन, गेसिंग से संबंधित पोस्टर और बैनर बरामद किए हैं। इसके अलावा मौके से सात मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस इन सामानों की जांच कर रही है। पकड़े गए 12 लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गेसिंग का अड्डा कौन संचालित कर रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल अड्डे के संचालक का नाम स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस मामले में जल्द ही पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी दी जा सकती है। पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी भी मामले का खुलासा कर सकती हैं।
Read full article on Bhaskar