crime
PTI परीक्षा में डमी-कैंडिडेट बनकर बैठा अभ्यर्थी गिरफ्तार:एग्जाम देकर सगे बड़े भाई को दिलवाई थी सरकारी नौकरी; रिमांड पर भेजा
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से आयोजित शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा (PTI) - 2022 में डमी कैंडिडेट बनकर परीक्षा देने वाले आरोपी को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने सगे बड़े भाई की जगह परीक्षा देकर उसे सरकारी PTI की नौकरी दिलाने में मदद की थी। परीक्षा में बैठने वाला डमी कैंडिडेट गिरफ्तार एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि परीक्षा में बैठने वाले डमी कैंडिडेट बीरबल राम पुत्र आसू राम विश्नोई (26) निवासी राजीव नगर, पूर, थाना सांचौर, जिला जालौर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस अभिरक्षा प्राप्त की है। अब पूछताछ के दौरान परीक्षा में डमी कैंडिडेट बैठाने की पूरी योजना, इसमें शामिल अन्य लोगों और भर्ती प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले आरोपी के सगे भाई सुरेश विश्नोई को परीक्षा में अपने स्थान पर डमी कैंडिडेट बैठाने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बड़ी भाई की जगह परीक्षा में बैठा था आरोपी एडीजी एसओजी ने बताया कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 25 दिसंबर 2022 को शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए सुरेश विश्नोई पुत्र आसू राम, निवासी राजीव नगर, पूर, थाना सांचौर, जिला जालौर ने आवेदन किया था। जांच में सामने आया कि सुरेश विश्नोई ने परीक्षा में खुद बैठने के बजाय अपने सगे छोटे भाई बीरबल राम विश्नोई को डमी अभ्यर्थी बनाकर परीक्षा में बैठाया। बीरबल ने सुरेश की जगह परीक्षा दी और उसे परीक्षा में सफल कराने में मदद की। परीक्षा पास कर सरकारी नौकरी भी हासिल की थी पुलिस जांच के अनुसार- डमी कैंडिडेट के जरिए परीक्षा पास करने के बाद सुरेश विश्नोई का सरकारी शारीरिक शिक्षक के पद पर चयन हो गया और उसने नौकरी भी प्राप्त कर ली। शिकायत मिलने के बाद SOG ने पूरे मामले की जांच शुरू की। जांच में तथ्य सामने आने पर SOG थाना जयपुर में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
Read full article on Bhaskar