politics
प्रमुख सचिव की दो टूक...योजनाओं का लाभ हितग्राही तक पहुंचाएं:बिलासपुर में अफसरों की बैठक में दिए निर्देश, कहा- मैदानी स्तर पर समस्याएं दूर करें
बिलासपुर में राज्य के प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा ने सोमवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं की केवल कागजी प्रगति नहीं, बल्कि वास्तविक हितग्राही तक लाभ पहुंचना चाहिए। उनका कहना था कि योजना की स्वीकृति अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना ही मुख्य उद्देश्य है। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में प्रमुख सचिव ने छात्रवृत्ति प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संस्था प्रमुखों की बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित जनसुनवाई की तैयारियों की समीक्षा की आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव ने 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत गांवों में संचालित आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त तक प्रस्तावित जनसुनवाई की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और मैदानी अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों का मौके पर ही संज्ञान लेना था। स्कूलों की ली जानकारी बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनाए गए बहुउद्देशीय केंद्रों के संचालन, धरती आबा अभियान के स्वीकृत कार्यों की प्रगति, प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश और संचालन की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही, विद्यार्थियों की कोचिंग के लिए संस्था चयन की स्थिति और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी भी ली गई। मैदानी स्तर पर समस्याएं दूर करने कहा बोरा ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के स्वीकृत कार्यों, विलेज वेरिफिकेशन सर्वे, प्रधानमंत्री अभ्युदय योजना, आदर्श ग्राम सर्वेक्षण, विद्यार्थी पोषण उपवन और पीएचडीटीजी सर्वे की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मैदानी स्तर की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने को कहा। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित निगरानी करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। इस बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित बिलासपुर संभाग के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, परियोजना प्रशासक और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे
Read full article on Bhaskar