crime
प्रेम-प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार:सोनभद्र में गला दबाकर पानी में डुबोकर मारा था, बाइक-मोबाइल बरामद
सोनभद्र के रामपुर बरकोनिया पुलिस ने युवक की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक प्रेम-प्रसंग को लेकर उपजे विवाद और रंजिश में युवक की हत्या की गई थी। घटना 15 अगस्त की रात की है। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सिलथम निवासी 19 वर्षीय भारतदीप दुलारे राम कुंजुर अचानक लापता हो गए थे। बाद में उनका शव कसरहिया नदी पुल के नीचे पानी में मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद 17 अगस्त को शुभम पासवान समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक का पहले एक युवती से प्रेम प्रसंग था। बाद में उसी युवती की बातचीत शुभम पासवान से होने लगी। इसी बात को लेकर भारतदीप और शुभम के बीच विवाद और रंजिश हो गई थी। पुलिस के अनुसार, रंजिश के चलते शुभम ने पहले भी भारतदीप को धमकी दी थी। जांच के मुताबिक, 15 अगस्त की रात भारतदीप युवती से मिलने गया था। युवती ने इसकी जानकारी शुभम को दे दी। इसके बाद शुभम अपने दो साथियों संदीप कुमार उर्फ छोटू और आत्मानन्द उर्फ लप्पू गौतम के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा। पुलिस का दावा है कि तीनों आरोपियों ने भारतदीप के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर तथा पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। भागने की फिराक में थे आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद तीनों आरोपी उसी मोटरसाइकिल से बाहर भागने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 17 अगस्त की रात करीब 10:40 बजे हसुआ नदी पुल, ग्राम करवनिया के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Read full article on Bhaskar