crime
पानी से भरे गड्ढे में डूबा 7 साल का बच्चा,मौत:खाली प्लॉट में भरा था बारिश का पानी, खेलते समय फिसला पैर, 20 मिनट तक रेस्क्यू कर निकाला शव
उदयपुर में खाली प्लॉट में भरे बारिश के पानी में 7 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। खेलते समय बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। सूचना पर मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना उदयपुर के केशव नगर-रूपसागर रोड पर गुरुवार शाम 5 बजे की है। जहां हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान तेजा(7) पुत्र रतन गमेती के रूप में हुई है। खाली प्लॉट में भरा था बारिश का पानी रेस्क्यू ऑपरेशन की टीम से गोताखोर विजय नकवाल ने बताया कि केशव नगर-रूपसागर रोड के पास एक खाली प्लॉट में पिछले दिनों हुई बारिश का पानी काफी मात्रा में जमा था। प्लॉट के चारों तरफ गीली मिट्टी होने के कारण वहां काफी फिसलन बनी हुई थी। शाम के समय 7 साल का तेजा खेलते समय पानी भरे हुए प्लॉट के पास पहुंच गया। अचानक पैर फिसलने से वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को डूबते देखा तो तुरंत शोर मचाया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम शाम करीब 5:10 बजे घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम से सिविल डिफेंस को मिली। सूचना मिलते ही अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह राठौर के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर गोताखोरों की टीम बिना देरी किए पानी में उतरी और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम के गोताखोरों ने करीब 15 से 20 मिनट तक पानी में तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को पानी से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने शव को मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में खुले पड़े प्लॉटों को लेकर नाराजगी देखने को मिली। खुले प्लॉट और जलभराव वाली जगहों पर हो सुरक्षा के इंतजाम स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम में ऐसे खुले प्लॉट और जलभराव वाली जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि आगे ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Read full article on Bhaskar