top
पोखरे में डूबने से 4 साल के बच्चे की मौत:चंदौली में पैर फिसलने से हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में खेलते समय पोखरे में गिरने से चार साल के मासूम इरफान की मौत हो गई। जब तक उसे पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में सन्नाटा पसर गया। नौगढ़ के खास गांव में जिलानी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। उनका चार साल का बेटा इरफान बुधवार को घर के आसपास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पोखरे के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरा। कुछ देर बाद इरफान की मां शैहमुन निशा की नजर उस पर पड़ी। बेटे को पानी में गिरा देख उन्होंने शोर मचाया। मां की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत पोखरे की ओर दौड़े। लोगों ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन इरफान को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. सत्या ने जांच की। जांच के बाद चिकित्सक ने इरफान को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इरफान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी डेढ़ साल की छोटी बहन इनाया है। बेटे की मौत की खबर से मां शैहमुन निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता जिलानी भी बेटे की मौत से सदमे में हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर नौगढ़ थानाध्यक्ष संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Read full article on Bhaskar