politics
पैगंबर साहब के जन्मदिन को लेकर जुलूस रूट का वेरिफिकेशन:लाइसेंस लेना अनिवार्य; ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी, डीजे और बाइक की एंट्री बैन
औरंगाबाद में हजरत मोहम्मद पैगंबर साहब के जन्मदिन के अवसर पर 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने पुलिस पदाधिकारियों, विभिन्न समुदायों के लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के निर्धारित रूट का सत्यापन किया। जुलूस बुधवार को सुबह 7 बजे निकाला जाएगा। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालने की अपील की है। रूट सत्यापन के दौरान इस्लाम टोली, मदरसा फैजाने सैयदना, टिकरी मोड़, अली नगर, पठान टोली मस्जिद, कुरैशी मोहल्ला, जमा मस्जिद, मदरसा रोड, कलमी मोहल्ला, धरणीधर रोड, गंज मोहल्ला, नावाडीह, अजमेर नगर होते हुए कर्बला तक के मार्गों का निरीक्षण किया गया।थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बिना लाइसेंस जुलूस की अनुमति नहीं, ड्रोन से होगी निगरानी नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने स्पष्ट कहा कि जुलूस निकालने के लिए पूर्व से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगीप्रशासन की ओर से जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरे से भी की जाएगी। संवेदनशील इलाकों और जुलूस के पूरे रूट पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा बाइक जुलूस निकालने वालों के खिलाफ भी प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। जुलूस के दौरान अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की गई। अफवाह फैलाने वाले या अशांति फैलाने की कोशिश करने वाले लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के साथ पर्व मनाने की अपील रूट सत्यापन के दौरान मौजूद लोगों से प्रशासन ने आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई। प्रशासन ने कहा कि समाज के सहयोग से ही किसी भी बड़े आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित रूट और प्रशासनिक नियमों का पालन सभी के लिए जरूरी है।रूट सत्यापन के दौरान पठान टोली मोहल्ला के मो. शाहनवाज उर्फ टिक्का खान, मो. शाहनवाज रहमान उर्फ सल्लू खान, मुफ्ती अफसर राजा कादरी, इसरार-उल-हक, नूरुद्दीन रशीदी, जमील अख्तर, अब्दुल्लाह राजा, मो. जुल्फिकार, अफसर राजा कादरी, उमेश कुमार सिंह, विजय कुमार, पवन कुमार समेत विभिन्न समुदायों के लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar