crime
औरैया में 35 किलो सोनपापड़ी जब्त, 8 किलो मिठाई नष्ट:तीन नमूने जांच के लिए भेजे, खाद्य विभाग की टीम ने की जांच
औरैया में बुधवार दोपहर 3 बजे खाद्य विभाग ने मिठाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया। टीम ने 35 किलो सोनपापड़ी/पतीशा जब्त किया, जबकि 8 किलो दूषित मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया। कार्रवाई जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने टीम के साथ नवीन मंडी स्थल औरैया स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां फल, सब्जी और आलू की गुणवत्ता की जांच की गई। इसके बाद जालौन रोड स्थित खोया सप्लायर के प्रतिष्ठान से खोया का नमूना लिया गया। पेड़ा और सोनपापड़ी के नमूने भी लिए टीम ने तिर्वा रोड बेला स्थित एक प्रतिष्ठान से पेड़ा और सोनपापड़ी के नमूने भी लिए। कार्रवाई के दौरान 35 किलो सोनपापड़ी/पतीशा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2,450 रुपए बताई गई है। वहीं, जांच के दौरान 8 किलो दूषित मिठाई मिली, जिसे विभागीय टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। तीन नमूने प्रयोगशाला भेजे खाद्य विभाग ने कुल तीन नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खुले में खाद्य पदार्थ न रखने की अपील सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुनील कुमार ने खाद्य कारोबारियों से बरसात के मौसम को देखते हुए खाद्य पदार्थ खुले में रखकर नहीं बेचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी कारोबारियों के पास खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण होना जरूरी है। बिना लाइसेंस या पंजीकरण कारोबार करते पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar