top
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से कानपुर सेंट्रल की ट्रेनें प्रभावित:इन 4 ट्रेनों का बदला रूट, कई स्टेशनों पर ठहराव रहेगा निरस्त
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग के लिए नॉन इंटरलॉकिंग काम कराया जाएगा। इसके चलते 24 से 27 सितंबर तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इसका असर कानपुर से होकर चलने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। रेलवे ने 26 सितंबर को बरौनी-नई दिल्ली, दरभंगा-नई दिल्ली, नई दिल्ली-दरभंगा और नई दिल्ली-बरौनी ट्रेनों का रूट बदलने का निर्णय लिया है। रेलवे के मुताबिक, गाड़ी संख्या 02563 बरौनी-नई दिल्ली 26 सितंबर को छपरा-औंड़िहार-बनारस-प्रयागराज जंक्शन होते हुए कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलेगी। इस ट्रेन का सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में ठहराव नहीं होगा। कई ट्रेनों का ठहराव रद्द इसी तरह 02569 दरभंगा-नई दिल्ली भी 26 सितंबर को छपरा-औंड़िहार-बनारस-प्रयागराज जंक्शन होते हुए कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इस ट्रेन के भी सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में ठहराव निरस्त रहेंगे। वापसी में 02570 नई दिल्ली-दरभंगा 26 सितंबर को कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन, बनारस, वाराणसी जंक्शन, औंड़िहार और छपरा के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। वहीं 02564 नई दिल्ली-बरौनी भी इसी बदले रास्ते से चलेगी। दोनों ट्रेनों का सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में ठहराव नहीं होगा।
Read full article on Bhaskar