crime
नीमच में 'खेल मैदान बचाओ' आंदोलन का टेंट हटाया:समिति ने चोरी की शिकायत की, बाद में पता चला प्रशासनिक कार्रवाई थी; आंदोलन जारी
नीमच में खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन के 29वें दिन भारत माता चौराहे पर धरना स्थल से वाटरप्रूफ टेंट, बैनर-फ्लेक्स और दरियां हटा दी गईं। 20-21 सितंबर की रात हुई इस कार्रवाई के बाद समिति के सदस्य नीमच कैंट थाने पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ करीब 35 हजार रुपए की सामग्री चोरी होने की शिकायत दी। बाद में समिति सदस्यों ने बताया कि सामग्री चोरी नहीं हुई थी, बल्कि प्रशासनिक टीम उसे हटाकर ले गई थी। पहले चोरी की शिकायत, फिर प्रशासनिक कार्रवाई की बात धरना स्थल से सामान गायब मिलने पर आंदोलनकारी कैंट थाने पहुंचे। समिति ने करीब 35 हजार रुपए की सामग्री गायब होने की बात कहते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की। बाद में मीडियाकर्मियों के मौके पर पहुंचने और जानकारी जुटाने पर समिति सदस्यों ने कहा कि टेंट और अन्य सामान प्रशासनिक टीम ने हटाया है। प्रशासन की ओर से अभी बयान नहीं समिति के मुताबिक, टेंट रात में प्रशासनिक टीम ने हटाया था। इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है। समिति ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि हटाई गई सामग्री फिलहाल कहां रखी गई है। 28वें दिन मुख्यमंत्री से मिलने गए थे सदस्य इससे एक दिन पहले आंदोलन के 28वें दिन समिति के सदस्य मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने पहुंचे थे। समिति के मुताबिक, उन्हें मिलने की अनुमति नहीं मिली और कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया गया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने नाराजगी जताई थी। टेंट हटने के बाद खाली जमीन पर धरना टेंट और अन्य सुविधाएं हटाए जाने के बावजूद समिति ने आंदोलन जारी रखा है। सदस्य खाली जमीन पर बैठकर धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य खेल मैदान को बचाना है और वे आंदोलन जारी रखेंगे। समिति ने उठाए कार्रवाई को लेकर सवाल समिति ने सवाल उठाया है कि यदि टेंट प्रशासनिक कार्रवाई में हटाया गया तो इसकी पूर्व सूचना या नोटिस क्यों नहीं दिया गया। साथ ही हटाए गए सामान को कहां रखा गया है और धरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था या अनुमति की स्थिति क्या है, इसे लेकर भी समिति ने सवाल किए हैं। इन सवालों पर प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।
Read full article on Bhaskar