environment
NHRC सदस्य प्रियंक कानूनगो बंडा पहुंचे:सागर में जहरीली शराबकांड के पीड़ितों से मिले, बोले- एजेंटों की सूची बनाकर सख्त कार्रवाई हो
सागर के बंडा में हुए जहरीली शराबकांड के प्रभावित परिवारों से मिलने मंगलवार को राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियंक कानूनगो सागर पहुंचे। उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद वे बंडा पहुंचे और गांव-गांव जाकर शराबकांड में मृत लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान कुछ परिजनों ने बताया कि पुलिस ने अब तक उनके बयान दर्ज नहीं किए हैं। उन्होंने शराब बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। इस पर प्रियंक कानूनगो ने पुलिस अधिकारियों से बात की और मृतकों के परिजनों के बयान तुरंत दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच मजबूत हो, ताकि मामले में शामिल आरोपियों को सजा दिलाई जा सके। कानून के अनुसार कार्रवाई जरूरी प्रियंक कानूनगो ने कहा कि बंडा में अवैध शराब के सेवन से कई लोगों की मौत हुई है। पीड़ित परिवारों ने उन्हें बताया कि कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने परिजनों के बयान नहीं लिए हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि घटना में कई लोग हताहत हुए हैं और पुलिस पर बड़ी जिम्मेदारी है। कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए परिजनों के बयान तुरंत लिए जाने चाहिए। उन्होंने पुलिस को इसी के निर्देश दिए हैं। शराब बेचने वालों की सूची बनाकर कार्रवाई की मांग कानूनगो ने कहा कि परिजनों का आरोप है कि बड़े शराब माफिया के छोटे सप्लायरों के नाम बयान में नहीं आए हैं और उनके बयान भी नहीं लिए गए। उन्होंने पुलिस से गांवों में बाइक से शराब बेचने आने वाले एजेंटों और अन्य शराब बेचने वालों के नाम सूचीबद्ध कर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए कि कोई आरोपी सबूत के अभाव में बरी न हो। जांच मजबूत तरीके से हो, ताकि सभी दोषियों को सजा दिलाई जा सके।
Read full article on Bhaskar