politics
नितिन नवीन की तिरंगा वाली तस्वीर से छेड़छाड़ का आरोप:कांग्रेस IT सेल नेता अरुण साहू पर FIR दर्ज, बीजेपी प्रवक्ता श्रीवास बोले नीचताई कर रहे कांग्रेस नेता
राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस थाने में बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर कांग्रेस के आईटी सेल से जुड़े नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की तिरंगा फहराते हुए तस्वीर से कथित छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़ा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराया था। इसी दौरान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। आरोप है कि तस्वीर को एडिट कर उसके साथ छेड़छाड़ की गई और उसे इस तरह साझा किया गया, जिससे लोगों के बीच भ्रामक संदेश फैल सके। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने इस मामले को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेज भी सौंपे। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित पोस्ट बाद में हटा दी गई, लेकिन तब तक वह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थी। राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर क्रमांक 0429/2026 दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा-2 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-356 के तहत अपराध दर्ज किया है। बीजेपी ने कहा- राष्ट्रध्वज के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने या राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Read full article on Bhaskar