crime
नीमच में पोल से गिरे आउटसोर्स कर्मचारी की मौत:परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, मुआवजे और FIR की मांग, आश्वासन पर माने
नीमच जिले के रामपुरा में विद्युत सुधार कार्य के दौरान पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए आउटसोर्स कर्मचारी मनीष आर्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को उनका शव रामपुरा पहुंचते ही परिजनों और समाजजनों ने नीमच-झालावाड़ रोड पर कॉलेज गेट के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा देने और मृतक की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने की मांग की। मृतक मनीष आर्य के तीन छोटे बच्चे हैं। चक्काजाम के कारण नीमच-झालावाड़ मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर एसडीएम किरण आंजना, एसडीओपी निकिता सिंह, तहसीलदार कमलेश डूडवे और थाना प्रभारी नीलेश सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आश्वासन पर माने परिजन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और समाजजनों से बात की और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाकर उचित न्याय व आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।
Read full article on Bhaskar