top
नोएडा में जल्द बढ़ेंगी 25 नई ई-बसें:ग्रामीण क्षेत्रों से होकर जाएंगे नए रूट, अगस्त महीने में 3 लाख से ज्यादा लोग कर रहे सफर
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सस्ती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा को विस्तार देने की तैयारी है। वर्तमान में संचालित 100 ई-बसों के अलावा 25 नई ई-बसें जल्द और चलाई जाएंगी। इसके साथ ही नए रूटों का सर्वे कराया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा गांवों और सेक्टरों को ई-बस सेवा से जोड़ा जा सके। 15 जून को शुरू हुई थी बस सर्विस दरअसल, 15 जून 2026 से तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों में कुल 100 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें 50 बसें नोएडा, 25 ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रही हैं। नोएडा क्षेत्र में फिलहाल पांच रूटों पर ई-बस सेवा संचालित हो रही है। ई-बसों को यात्रियों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। लगातार बढ़ रही मुसाफिरों की संख्या जुलाई में इन बसों से करीब 1.50 लाख यात्रियों ने सफर किया था, जबकि अगस्त में यात्रियों की संख्या बढ़कर 3.40 लाख हो गई। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ बसों से मिलने वाले राजस्व में भी करीब दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। नोएडा क्षेत्र में वर्तमान में बॉटेनिकल गार्डन से परीचौक, बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट, बॉटेनिकल गार्डन से सूरजपुर, बॉटेनिकल गार्डन से गाजियाबाद और बॉटेनिकल गार्डन से आनंद विहार बस स्टेशन तक ई-बसें संचालित हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र में होंगे नए रूट प्राधिकरण के अनुसार, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ई-बसों की संख्या बढ़ाने और नए रूट शुरू करने की मांग मिल रही है। इसी को देखते हुए अतिरिक्त बसों को जल्द शामिल करने की योजना बनाई गई है। यात्रियों की शिकायत और सुझाव के लिए 1800-180-2877 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
Read full article on Bhaskar