politics
मंडलायुक्त ने एटा में सुनीं फरियादें, परियोजनाओं का किया निरीक्षण:उद्योग विभाग और निर्माणाधीन कार्यालयों का जायजा लिया, अधिकारियों को दिए निर्देश
एटा में अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त एवं जिले के नोडल अधिकारी ओम प्रकाश आर्य ने शनिवार को एटा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उद्योग विभाग के कार्यालय और निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद तहसील एटा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सबसे पहले उद्योग विभाग के कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्पलाइन और विभिन्न काउंटरों पर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना समेत अन्य ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने इनके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने लाभार्थियों से लगातार फीडबैक लेने और योजना का लाभ मिलने के बाद उनके कारोबार में हुए बदलाव की जानकारी रखने को भी कहा। आने-जाने वाले लोगों का रजिस्टर बनाए रखने के निर्देश उन्होंने कार्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के साथ बीट और आने-जाने वाले लोगों का रजिस्टर बनाए रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और उद्योग स्थापित करने के इच्छुक लोगों को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने जिले में छोटे और मझोले उद्योगों की संभावनाओं की जानकारी दी। इसके बाद मंडलायुक्त ने एआरटीओ कार्यालय के पास निर्माणाधीन मंडल स्तरीय राज्य कर कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने और दिसंबर के पहले सप्ताह तक भवन राज्य कर विभाग को सौंपने को कहा। मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पालिका द्वारा बनवाए जा रहे कम्युनिटी सेंटर का भी निरीक्षण किया। कॉलम और पिलर के निर्माण कार्य की स्थिति देखते हुए उन्होंने संबंधित इंजीनियर को मौके पर मौजूद रहकर लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। बाद में तहसील एटा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं।
Read full article on Bhaskar