environment
मलारना डूंगर में सड़क पर बहाया दूध:ग्वाले बोले- सरस डेयरी से नहीं मिल रहा उचित मूल्य, 2 दिन सप्लाई रखेंगे बंद
उचित खरीद मूल्य न मिलने से नाराज मलारना डूंगर उपखंड क्षेत्र के पशुपालकों और ग्वालों ने रविवार को भूखा रोड स्थित बालाजी प्रांगण में महापंचायत की। इस दौरान ग्वालों ने दूध की कीमतें बढ़ाने की मांग को लेकर जमकर विरोध जताया और सड़क पर दूध बहा दिया। आक्रोशित ग्वालों ने चेतावनी देते हुए सोमवार से अगले दो दिनों तक क्षेत्र में दूध की सप्लाई पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया है। महंगाई के बीच पुरानी दरों पर हो रही खरीद मलारना स्टेशन, मकसूदनपुरा, बहतेड़, कोथाली, भूखा और दिवाड़ा सहित दर्जनों गांवों से जुटे दूध विक्रेताओं का कहना है कि सरस डेयरी और स्थानीय मिष्ठान संचालक उन्हें दूध का उचित मूल्य नहीं दे रहे हैं। दूध विक्रेता जुगराज गुर्जर ने बताया कि जयपुर डेयरी में दूध के दामों में बढ़ोतरी की जा चुकी है, लेकिन सवाई माधोपुर क्षेत्र में अब भी सालों पुरानी दरों पर ही भुगतान किया जा रहा है। वहीं, डेयरी संचालक वेदप्रकाश मीणा ने बताया कि बाजार में पिछले तीन सालों से पुरानी दरों पर ही दूध खरीदा जा रहा है, जबकि पशु आहार और महंगाई चरम पर है। ग्वालों ने मांग रखी कि दूध की खरीद दर कम से कम 70 रुपये प्रति किलो तय की जाए। एमडी बोले- हमारा वेंडरों से कोई संबंध नहीं मामले को लेकर सवाई माधोपुर-करौली दुग्ध उत्पादक संघ के प्रबंध निदेशक सुरेश सैन ने कहा कि सरस डेयरी वेंडरों से सीधे तौर पर दूध नहीं खरीदती है। सरस डेयरी का वेंडरों से कोई सीधा संबंध नहीं है और डेयरी नियम अनुसार केवल पंजीकृत समितियों के माध्यम से ही दूध का संकलन करती है।
Read full article on Bhaskar