crime
मऊगंज में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म:खेत पर गई थी मां, सूना घर पाकर घुसा युवक; कोर्ट ने भेजा जेल
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवती के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए 22 वर्षीय आरोपी युवक को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे उपजेल मऊगंज भेज दिया गया। खेत पर मवेशी भगाने गई थी मां पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात 16 सितंबर की रात की है। पीड़िता की मां ने नईगढ़ी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि वह रात करीब 8 बजे अपने धान के खेत में रखवाली करने और छुट्टा मवेशियों को भगाने के लिए गई हुई थी। घर पर बेटी को अकेला पाकर गांव का ही आरोपी सोनू केवट दीवार फांदकर घर में घुस गया और युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को दबोचा मां की शिकायत और पीड़िता के बयानों के आधार पर नईगढ़ी पुलिस ने संबंधित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर फौरन जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी सोनू केवट (22), पिता राजमणि केवट, निवासी ग्राम रोझउ (थाना नईगढ़ी) को उसके ठिकाने से हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मऊगंज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट बनने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की त्वरित कार्रवाई यह पूरी कार्रवाई मऊगंज पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सची पाठक के मार्गदर्शन में की गई। गिरफ्तारी टीम में थाना प्रभारी अनिल काकडे के नेतृत्व में उप निरीक्षक अनंत विजय सिंह, चौकी प्रभारी भीर और अन्य पुलिस बल की मुख्य भूमिका रही।
Read full article on Bhaskar