top
मधेपुरा में मुखिया के देवर पर 20 राउंड फायरिंग:सिर और शरीर के कई हिस्सों में लगी बुलेट, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
मधेपुर में मुखिया के देवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कुरैनी ब्लॉक के नरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी के देवर और योगीराज निवासी विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सोमवार शाम स्कूल में चल रहे रेनोवेशन का काम देखने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और करीब 20 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान विक्की के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना पुरैनी थाना क्षेत्र की नरदह पंचायत के नया टोला की है। सिर और शरीर के कई हिस्सों में लगी गोली विक्की मेहता पिछले कई दिनों से नया टोला मध्य विद्यालय के मैदान में चल रहे बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य को देखने आ रहे थे। सोमवार शाम करीब छह बजे भी वह अपनी बुलेट बाइक से विद्यालय परिसर पहुंचे थे। काम देखने के बाद वह लौट रहे थे। इसी दौरान नया टोला चौक के पास दो बाइक सवार अपराधियों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से बचने के लिए विक्की मेहता पैदल भागने लगे। इसी दौरान चौक से करीब 100 मीटर आगे एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें फिर घेर लिया और उन पर गोलियां बरसाईं। ग्रामीणों के मुताबिक, गोलियां विक्की के सिर और शरीर के कई हिस्सों में लगीं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन घायल विक्की मेहता को अस्पताल ले गए। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ पवन कुमार और पुरैनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं....
Read full article on Bhaskar