crime
मंदिर से मुकुट-आभूषण और नगदी की चोरी:दरभंगा में चोरों ने पुजारी को जान से मारने की दी धमकी, हथियार लेकर आए थे बदमाश
दरभंगा में पुजारी बाबा स्मारक सह रामजानकी मंदिर में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने पुजारी को जान से मारने की धमकी दी है। मंदिर से भगवान का मुकुट, पोशाक, आभूषण समेत अन्य कीमती सामान और करीब पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। पुजारी उदय चंद्र ठाकुर के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे बदमाश लाठी-डंडे और हथियार लेकर मंदिर परिसर में घुसे। बदमाशों ने करीब 15 मिनट में मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह घटना की जानकारी मंदिर कमेटी और ग्रामीणों को दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान मंदिर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक तालाब के पास भगवान की पोशाक और अन्य सामान बिखरा हुआ मिला। हालांकि, मुकुट, नकद और आभूषण समेत कीमती सामान बदमाश अपने साथ ले गए। घटना नेहरा थाना क्षेत्र के राघोपुर की है। चोरी के सामान बरामदगी की मांग स्थानीय ग्रामीण रौशन झा ने बताया कि बदमाशों ने पुजारी को जान से मारने की धमकी देकर मंदिर में रखे कीमती सामान चोर ले गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिर से चोरी किए गए सामान की बरामदगी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर सकरी-धरोड़ा मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के सामने है। इसके बावजूद हथियारबंद बदमाशों ने रात में बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। इससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाया जा रहा है। जल्द गिरफ्तारी होगी नेहरा थानाध्यक्ष मोती कुमार ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुजारी से बदमाशों के हुलिए की जानकारी ली जा रही है। बदमाशों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Read full article on Bhaskar