crime
मेरठ में बारिश के बाद बागपत अड्डे पर धंसी सड़क:राहगीरों की बढ़ी परेशानी, रात में हादसे का खतरा
मेरठ के व्यस्त बागपत अड्डा चौराहे पर रविवार को अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने से चौराहे से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर वाहनों की आवाजाही वाले इस चौराहे पर सड़क धंसने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। सड़क धंसने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की नजर इस पर पड़ी। इसके बाद वाहन चालक धंसे हुए हिस्से से बचकर निकलते नजर आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि किसी वाहन चालक का ध्यान सड़क के धंसे हिस्से पर नहीं गया तो वाहन उसमें फंस सकता है, जिससे हादसा हो सकता है। रात में यहां परेशानी और बढ़ सकती रविवार सुबह मेरठ में बारिश हुई थी। इससे एक दिन पहले शनिवार को भी करीब दो से तीन घंटे लगातार बारिश हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जमीन के नीचे पानी जाने से सड़क की मिट्टी कमजोर हुई होगी, जिसके चलते सड़क धंस गई। लोगों ने कहा कि यदि बारिश के कारण सड़क धंसी है तो यह सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात में यहां परेशानी और बढ़ सकती है। अंधेरे में सड़क का धंसा हिस्सा दिखाई नहीं देने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा रहेगा। लोगों ने नगर निगम से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और तब तक धंसे हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar