politics
मन की बात कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री सिलावट का घेराव:इंदौर में रहवासियों ने पेयजल समस्या को लेकर किया विरोध, बोले- बोरिंग में नहीं आ रहा पानी
इंदौर में मन की बात कार्यक्रम में रविवार को शामिल होने पहुंचे मंत्री तुलसी सिलावट को रहवासियों ने घेर लिया। लोगों ने क्षेत्र में बनी पेयजल समस्या को लेकर अपनी परेशानी सामने रखी। रहवासियों का कहना था कि बोरिंग में पानी नहीं आने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सांवेर विधानसभा के तलावली चांदा में रविवार को उस समय स्थिति बदल गई, जब मंत्री तुलसी सिलावट मन की बात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार्यकर्ता आशीष बिरथरे के घर पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब मंत्री बाहर आए तो कुछ स्थानीय रहवासियों ने उन्हें घेर लिया और क्षेत्र में पेयजल की समस्या को लेकर अपनी बात रखी। बताया जा रहा है कि जब जनता घर के बाहर एकत्रित हो गई तो करीब एक घंटे तक मंत्री बाहर नहीं निकले, पहले स्थानीय पार्षद और मंत्री के बेटे पहले लोगों को समझाते रहे। नहीं मानने पर मंत्री बाहर आए और आश्वासन देकर रवाना हो गए। रहवासियों ने कहा- बोरिंग में नहीं आ रहा पानी स्थानीय लोगों ने मंत्री के सामने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या गंभीर बनी हुई है। रहवासियों के अनुसार, इलाके में लगे बोरिंग में पानी नहीं आ रहा है, जिसके कारण उन्हें पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच पर्याप्त पानी नहीं मिलने से परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर रहवासियों ने मंत्री से तत्काल समाधान की मांग की। मंत्री ने दिया 1-2 दिन में बोरिंग कराने का आश्वासन रहवासियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री तुलसी सिलावट ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 1-2 दिन में बोरिंग करवाई जाएगी, ताकि लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके। मंत्री के आश्वासन के बाद लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया। विरोध का वीडियो बनाने पर मंत्री के पुत्र ने रोका घटनाक्रम के दौरान जब कुछ रहवासी मंत्री के सामने अपनी समस्या और विरोध का वीडियो बना रहे थे, तब मंत्री के बेटे बंकीम सिलावट द्वारा लोगों को वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। मौके के वीडियो में रहवासियों और मंत्री के परिवार की मौजूदगी के बीच बातचीत और विरोध का माहौल दिखाई दे रहा है। पार्षद पर ग्रामीणों से कथित अभद्रता का आरोप इसी दौरान क्षेत्रीय पार्षद राकेश सोलंकी को लेकर भी विवाद की स्थिति सामने आई। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पार्षद राकेश सोलंकी ने उनके साथ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इस कथित बातचीत की एक रिकॉर्डिंग भी सामने आने की बात कही जा रही है। रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर ग्रामीणों और पार्षद के बीच बातचीत सुनाई देती है। हालांकि, रिकॉर्डिंग की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसमें मौजूद आवाज किसकी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि भी सामने नहीं आई है। लंबे समय से परेशान रहवासी तलावली चांदा और आसपास के कॉलोनी के रहवासी लंबे समय से पानी की समस्या से जुझ रहे हैं। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यहां सड़कों के हालात भी काफी खराब है।
Read full article on Bhaskar