top
मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के एग्जाम 18 नवंबर से शुरू:दो पालियों में होंगी परीक्षाएं, बैक पेपर और अंक सुधार पर भी चर्चा
मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 18 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षाओं के सुचारु संचालन को लेकर शनिवार को कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, परीक्षा तिथियों और अन्य तैयारियों पर चर्चा की गई। दो पालियों में आयोजित होंगी परीक्षाएं बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 18 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और परीक्षा संचालन को व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही एलएलबी, बीएड और एमएड पाठ्यक्रमों की बैक पेपर और अंक सुधार परीक्षाओं के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया। पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराने के निर्देश कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए। विद्यार्थियों की सुविधा के साथ परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और समिति के सदस्यों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। कुलपति ने सभी महाविद्यालयों से अपने-अपने पाठ्यक्रम समय से पूरा कराने की अपेक्षा की, ताकि परीक्षाओं के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए। बैठक में राजकीय पीजी कॉलेज मंगरहा के प्राचार्य डॉ. दिनेश यादव, राजकीय महाविद्यालय मझवां के प्राचार्य प्रो. सूबेदार यादव, प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, प्रो. देवेंद्र पांडेय, प्रो. भवभूति मिश्र, कुलसचिव रामनरायन, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद और उपकुलसचिव अजित प्रताप सिंह मौजूद रहे। ऑनलाइन माध्यम से प्रो. अशोक सिंह, प्रो. राज मोहन शर्मा, प्रो. माधवी शुक्ला और प्रो. रीना सिंह ने भी बैठक में सहभागिता की।
Read full article on Bhaskar