crime
लापता किशोर का तालाब में मिला शव:सिद्धार्थनगर में एक सप्ताह से था गायब, पुलिस जांच में जुटी
सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र स्थित गौहनिया गांव में एक सप्ताह से लापता 15 वर्षीय किशोर का शव मंगलवार को तालाब में मिला। चरवाहों ने तालाब में शव उतराया हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गौहनिया निवासी शनि गुप्ता पुत्र लौटन गुप्ता के रूप में की। जानकारी के अनुसार, शनि गुप्ता 13 अगस्त की शाम करीब चार बजे घर से निकला था। बताया गया कि मोबाइल को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर वह घर से चला गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की थी। मंगलवार को तालाब की ओर गए चरवाहों ने पानी में शव देखा। सूचना मिलने पर चिल्हिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिल्हिया के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शव के कुछ हिस्सों को मछलियों ने नोच लिया था। शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar