education
LNMU ने जारी की पीजी प्रथम सेमेस्टर 2026-28 की तृतीय चयन सूची, 23 सितंबर तक नामांकन का मौका
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) ने प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए तृतीय चयन सूची शनिवार को अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, इस सूची में अब तक नामांकन से वंचित अभ्यर्थियों के साथ 21 से 23 अगस्त के बीच नए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी शामिल किया गया है। चयनित अभ्यर्थी अपने यूजर आईडी यानी ई-मेल और पासवर्ड की मदद से लॉग-इन कर चयन-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को आवंटित पीजी विभाग अथवा स्नातकोत्तर अध्यापन वाले कॉलेजों में 21 से 23 सितंबर तक नामांकन लेना होगा। नामांकन से पहले अभ्यर्थियों के आवश्यक प्रमाण-पत्रों की जांच की जाएगी। प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के बाद ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत दाखिला लिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि तृतीय चयन सूची पूरी तरह अनारक्षित है। जिन विषयों में सीटें रिक्त हैं, उन सीटों को अनारक्षित मानते हुए चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन रिक्त सीटों के विरुद्ध सुनिश्चित किया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत चयनित अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पीजी विभाग और कॉलेजों को विद्यार्थियों का समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेशन करना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने इसके लिए 24 सितंबर को दोपहर दो बजे तक की समय-सीमा निर्धारित की है। निर्धारित समय तक विद्यार्थियों का ऑनलाइन अपडेशन नहीं होने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अभ्यर्थी नामांकन के लिए उपस्थित नहीं हुए। विश्वविद्यालय ने तृतीय चयन सूची के आधार पर होने वाले नामांकन को अंतिम चरण बताया है। ऐसे में अब तक दाखिला नहीं ले सके चयनित अभ्यर्थियों के लिए यह नामांकन का अंतिम अवसर माना जा रहा है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि के भीतर चयन-पत्र डाउनलोड कर संबंधित विभाग या कॉलेज में प्रमाण-पत्रों की जांच और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू संपादक: रोहित कुमार सोनू
Read full article on Mithila Hindi News