top
लखनऊ में इंडिया फूड एक्सपो जारी:दीपक बजाज बोले- यह खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई दिशा देने वाला मंच
लखनऊ में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन (UPRFMA) के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो-2026 खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच है। लखनऊ में फूड प्रोसेसिंग और इससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 18 से 20 सितंबर तक एक्सपो आयोजित किया गया है। शनिवार को इसका दूसरा दिन है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से उद्यमियों को नई तकनीक, आधुनिक प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, उत्पाद की गुणवत्ता और बाजार की संभावनाओं की जानकारी मिलती है। छोटे और बड़े उद्यमियों को एक-दूसरे से जुड़ने और अपने उत्पादों को बेहतर बाजार तक पहुंचाने के अवसर भी मिलते हैं। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में युवा और महिला उद्यमियों की बढ़ती भागीदारी उत्तर प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत है। बजाज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गेहूं, चावल, फल, सब्जी, दुग्ध समेत अन्य कृषि उत्पादों की प्रचुर उपलब्धता है। इनका स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक वैल्यू एडिशन और प्रोसेसिंग होने से किसानों को बेहतर बाजार और मूल्य मिल सकता है। वहीं, उद्योगों के लिए नए कारोबार और निवेश के अवसर तथा युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इससे स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उत्तर प्रदेश को केवल कृषि उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि देश का प्रमुख फूड प्रोसेसिंग हब और एक्सपोर्ट हब बनाने के लिए सरकार और उद्योग जगत को मिलकर काम करना होगा। इसके लिए उद्यमियों को तकनीकी सहयोग, आधुनिक सुविधाएं, बेहतर बाजार व्यवस्था और निर्यात के अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार काम करने की जरूरत है।
Read full article on Bhaskar