top
लखनऊ में आयुष्मान मित्रों का कार्य बहिष्कार:न्यूनतम वेतन और संविदा पर बहाली, कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की मांग
लखनऊ में उत्तर प्रदेश के आयुष्मान मित्रों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन के अनुसार, आयुष्मान मित्र ईको गार्डेन में धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के आवास और राज्य एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपने की घोषणा की गई है। आयुष्मान मित्रों का कहना है कि वे पिछले आठ वर्षों से प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सेवाएं दे रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन की पांच प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन के आधार पर अलग बजट स्वीकृत करना, कथित तौर पर अनुचित तरीके से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली और सभी आयुष्मान मित्रों को जिला स्वास्थ्य समिति के अंतर्गत संविदा पर समायोजित करना शामिल है। इसके अलावा पदनाम बदलकर ‘आयुष्मान स्वास्थ्य अधिकारी’ करने और कर्मचारियों व उनके परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की सुविधा देने की मांग की गई है। संगठन ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कार्य बहिष्कार के कारण अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। संगठन ने इससे होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन पर डाली है। आयुष्मान मित्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक और SACHIS के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।
Read full article on Bhaskar