crime
लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में युवक की टावर से गिरकर मौत:गाजियाबाद में दोस्त से मिलने आया था, पुलिस CCTV खंगाल रही
गाजियाबाद में लैंडक्राफ्ट गोल्फ लिंक सोसाइटी में बुधवार सुबह एक युवक की टावर से गिरकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को संजय नगर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान पंचवटी निवासी 22 साल के अर्पण गोयल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अर्पण बुधवार सुबह सोसाइटी में रहने वाले अपने एक दोस्त से मिलने आया था। घटना कविनगर थाना क्षेत्र की है। सुबह 8:30 बजे मिली टावर से गिरने की सूचना पुलिस को सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि सोसाइटी के टावर नंबर 2-ए से एक युवक नीचे गिर गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस अब अर्पण के दोस्त और सोसाइटी में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देख रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की स्थिति साफ हो सके। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका ACP कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि डायल-112 के जरिए टावर से युवक के गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस किसी दूसरे कारण से भी इनकार नहीं कर रही है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar