politics
कुत्ते की वेशभूषा में युवक पहुंचा, कलेक्टर ने जताई नाराजगी:डॉग बाइट और नसबंदी के विरोध पर बोले- जनसुनवाई गंभीर मंच, स्टंटबाजी ठीक नहीं
खंडवा में मंगलवार को हुई जनसुनवाई के दौरान नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक उर्फ मुल्लु राठौर द्वारा एक युवक को कुत्ते की वेशभूषा में अधिकारियों के सामने ले जाने के मामले पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने नाराजगी जताई है। कलेक्टर ने इसे पब्लिसिटी के लिए किया गया स्टंट बताते हुए कहा कि जनसुनवाई लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण का गंभीर मंच है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि जनसुनवाई एक महत्वपूर्ण और गंभीर प्लेटफॉर्म है। हर मंगलवार को जिले के सभी अधिकारी यहां मौजूद रहते हैं और लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया जाता है। ऐसे में पब्लिसिटी के लिए स्टंट करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई समस्या है तो सामान्य आवेदन देकर भी अपनी बात प्रशासन के सामने रखी जा सकती है। डॉग बाइट और नसबंदी को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल दरअसल, शहर में बढ़ते डॉग बाइट के मामलों और नगर निगम की ओर से कुत्तों की नसबंदी पर खर्च की गई राशि को लेकर नेता प्रतिपक्ष दीपक उर्फ मुल्लु राठौर ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नसबंदी अभियान पर बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद कुत्तों की संख्या और डॉग बाइट के मामले कम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग की है। विरोध दर्ज कराने कुत्ते की वेशभूषा में युवक को लाए इसी मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे। विरोध दर्ज कराने के लिए उनके साथ एक युवक कुत्ते की वेशभूषा में था। इस तरीके से किए गए विरोध पर कलेक्टर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि समस्या गंभीर हो तो उसे सामान्य प्रक्रिया के तहत प्रशासन के सामने रखा जाना चाहिए। लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई कलेक्टर ने कहा कि डॉग बाइट या कुत्तों की नसबंदी से जुड़े मामले में यदि कोई गंभीर लापरवाही सामने आती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। यानी प्रशासन ने मुद्दे की जांच और कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया है, लेकिन कलेक्टर ने विरोध के तरीके को लेकर स्पष्ट आपत्ति दर्ज कराई है।
Read full article on Bhaskar