crime
खाद विक्रेता हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार:गोंडा में 25 हजार का था इनाम, मेडिकल के बाद कोर्ट में पेशी; जेल भेजा गया
गोंडा के धानेपुर थाना क्षेत्र में 12 अप्रैल को हुए खाद विक्रेता आनंद कुमार पांडे हत्याकांड में पांच महीने से फरार चल रहे आरोपी त्रिभुवन शुक्ला को पुलिस ने बुधवार शाम करीब 6 बजे गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने त्रिभुवन का गोंडा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल कराया और कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। यह वारदात 12 अप्रैल की मध्यरात्रि बग्गी रोड स्थित न्यू मेडलाइफ हॉस्पिटल में हुई थी। 40 वर्षीय आनंद कुमार पांडे अपने भांजे सत्य प्रकाश शुक्ला के साथ हुए विवाद को सुलझाने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ मारपीट और चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल आनंद की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, आनंद कुमार पांडे का भांजा सत्य प्रकाश शुक्ला न्यू मेडलाइफ हॉस्पिटल में वार्ड बॉय अनुपम शुक्ला के साथ ड्यूटी को लेकर विवाद में पड़ गया था। विवाद के बाद सत्य प्रकाश ने अपने मामा आनंद को फोन कर अस्पताल बुलाया था। आनंद वहां विवाद सुलझाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान वार्ड बॉय अनुपम शुक्ला ने उनके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद आनंद की मौत हो गई थी। 12 अप्रैल को ही दर्ज हुआ था मुकदमा घटना के बाद धानेपुर थाने में 12 अप्रैल को ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन त्रिभुवन शुक्ला घटना के बाद से फरार चल रहा था। करीब पांच महीने तक गिरफ्तारी नहीं होने पर गोंडा के एसपी अभिषेक झा ने त्रिभुवन पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। न्यायालय की ओर से भी उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। अलग-अलग जगह दबिश, परिजनों से भी पूछताछ धानेपुर थाना प्रभारी विपुल कुमार पांडे ने बताया कि त्रिभुवन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थीं। इसके साथ ही उसके परिजनों से भी लगातार पूछताछ की जा रही थी। पुलिस ने बुधवार शाम करीब 6 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मेडिकल जांच कराई गई और उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी बोले- अब सभी आरोपी जेल में थाना प्रभारी विपुल कुमार पांडे के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी अब जेल में हैं और कोई भी आरोपी फरार नहीं है। फरार आरोपी त्रिभुवन शुक्ला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई पूरी होने की बात कही गई है। पुलिस ने मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar