crime
खरगोन में एसिड पीने के बाद महिला की मौत:मायके वालों ने पति पर सिगरेट से दागने का आरोप लगाया, कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम
खरगोन में 29 वर्षीय नीलोफर की एसिड पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायका पक्ष की शिकायत पर रविवार को प्रशासन और पुलिस ने मोतीपुरा कब्रिस्तान से शव बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मायका पक्ष ने पति पर प्रताड़ना के आरोप लगाए नीलोफर के मामा शेख मोहसिन मंजूर, निवासी शाहदा, ने आरोप लगाया कि उनकी भांजी पिछले 15 दिनों से मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत कर रही थी। उनका दावा है कि नीलोफर के शरीर पर सिगरेट से दागने के कई निशान थे। मोहसिन मंजूर के अनुसार, 15 अगस्त की दोपहर एसिड पीने के बाद नीलोफर को रामश्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया। वहां दोपहर करीब 1 बजे उसकी मौत हो गई। गंभीर हालत के कारण नीलोफर के कथन दर्ज नहीं हो सके। पोस्टमार्टम की मांग के बाद पुलिस में शिकायत मोहसिन मंजूर ने आरोप लगाया कि उन्होंने नीलोफर के पोस्टमार्टम की मांग की थी। इसके बाद उन्हें धमकियां दी गईं और शव को दफना दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना निरीक्षक राजेंद्र आवासीय ने बताया कि मायका पक्ष की लिखित शिकायत और तहसीलदार के निर्देश पर नीलोफर का शव मोतीपुरा कब्रिस्तान से निकाला गया। शव को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने निकाह को लेकर भी लगाए आरोप परिजनों ने आरोप लगाया कि नीलोफर के पति नईम ने झूठे कागजात दिखाकर उससे निकाह किया था। उनका कहना है कि नईम की पहले से एक पत्नी थी। परिजनों के अनुसार, उन्होंने मामले को सामाजिक स्तर पर सुलझाने की कोशिश की थी। उनका आरोप है कि इसके बावजूद नीलोफर को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सामने आए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar