crime
खगड़िया में बिजली गिरने से बच्चे की मौत:छत पर बने रूम में बैठा था, चेकअप के बाद डेड घोषित
खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड में शुक्रवार को वज्रपात से 11 वर्षीय दिव्यांशु कुमार की मौत हो गई। दिव्यांशु अपने परिवार के साथ बाढ़ के पानी के बीच घर की छत पर बैठा था। वह माधवपुर पंचायत के वार्ड नंबर 8 निवासी मन्नू मंडल का बेटा था। इस हादसे के बाद परिवार और गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि माधवपुर पंचायत बाढ़ से प्रभावित है। कई घरों के आसपास पानी जमा होने के कारण लोग छतों पर बने अस्थायी कमरों में रह रहे हैं। शुक्रवार को दिव्यांशु का परिवार भी घर की छत पर बने चदरानुमा कमरे में बैठा था। तभी अचानक मौसम बदला और तेज बारिश होने लगी। जांच के बाद किशोर डेड घोषित बारिश के दौरान जोरदार आवाज के साथ वज्रपात हुआ और बिजली सीधे घर पर गिरी। इसकी चपेट में आने से दिव्यांशु बेहोश होकर छत पर गिर गया। दिव्यांशु की चाची अनीता देवी ने बताया कि वज्रपात की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि दिव्यांशु बेहोश पड़ा था। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत परबत्ता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया भेजा जा रहा बॉडी परिजनों के अनुसार, दिव्यांशु अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता मन्नू मंडल दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार गहरे सदमे में है। दिव्यांशु की मां सिंधु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही परबत्ता अंचल अधिकारी हरिनाथ राम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया भेजा जा रहा है। मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने भी बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। माधवपुर पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार सिंह ने किशोर की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar