politics
कावड़ लेकर निकले छात्रों को पुलिस ने रोका, झड़प हुई:छात्र संघ चुनाव की मांग लेकर यात्रा पर निकले थे, विधानसभा के पास मंदिर में चढ़ाना था जल
राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को जयपुर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के नेता कमल चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर कावड़ यात्रा पर निकले। यात्रा को विधानसभा के पास विद्युतेश्वर महादेव मंदिर जाना था। छात्रों के हाथों में कावड़ थी, जो छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच हल्की झड़प हो गई। झड़प के दौरान कुछ कावड़ियों के पास रखा पवित्र जल सड़क पर गिर गया। इसे लेकर छात्रों ने नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन पर कावड़ यात्रा में बाधा डालने का आरोप लगाया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने छात्रों से समझाइश की। इसके बाद पांच छात्रों को मंदिर ले जाकर भगवान शिव को जल अर्पित कराया गया। गलता जी से कावड़ लेकर निकले थे छात्र छात्र नेता कमल चौधरी ने बताया- छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है। प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। कमल चौधरी ने बताया- सावन के पवित्र महीने में छात्रों ने आंदोलन को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए गलता जी से जल भरा।विद्युतेश्वर महादेव मंदिर में जल अर्पित करने का निर्णय लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र कावड़ लेकर विधानसभा की तरफ रवाना हुए। स्टैच्यू सर्किल पर पुलिस ने रोका कमल चौधरी ने आरोप लगाया कि कावड़ यात्रा जब स्टैच्यू सर्किल पहुंची तो पुलिस प्रशासन ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्रों के साथ बदसलूकी की। इसके बाद छात्र अंबेडकर सर्किल की ओर बढ़े। कमल चौधरी का आरोप है कि यहां भी पुलिस प्रशासन ने कावड़ियों को रोकने का प्रयास किया। धक्का-मुक्की के दौरान कुछ कावड़ियों के पास रखा पवित्र जल सड़क पर गिर गया। जल सड़क पर गिरने के बाद छात्रों ने नाराजगी जताई। पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि बाद में स्थिति शांत हो गई। पुलिस पर हल्का बल प्रयोग करने का भी आरोप कमल चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया। छात्र किसी तरह का विवाद नहीं चाहते थे और केवल कावड़ में लाए गए जल को भगवान भोलेनाथ को अर्पित करना चाहते थे। छात्रों ने पुलिस प्रशासन से मंदिर तक जाने की अनुमति देने की मांग की। काफी देर तक बातचीत और विरोध के बाद पुलिस प्रशासन पांच छात्रों को विद्युतेश्वर महादेव मंदिर ले जाने के लिए तैयार हुआ। 5 छात्रों ने महादेव को चढ़ाया जल इसके बाद पांच छात्र विद्युतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ को कावड़ का जल अर्पित किया। छात्रों ने भगवान शिव से प्रदेश सरकार को सद्बुद्धि देने और राजस्थान में बंद छात्रसंघ चुनावों को दोबारा बहाल कराने की प्रार्थना की। छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों में छात्रों की लोकतांत्रिक भागीदारी का माध्यम है। उनका आरोप है कि चुनाव बंद होने से छात्रों की आवाज को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है। दोनों प्रमुख पार्टियों ने छात्रों की मांग नहीं मानी छात्र नेता कमल चौधरी ने कहा- छात्र पिछले लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रदेश की दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने छात्रों की जायज मांग को पूरा नहीं किया। छात्र आंदोलन को लगातार अलग-अलग तरीकों से आगे बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में सावन के महीने में कावड़ यात्रा निकाली गई।
Read full article on Bhaskar